सुन्नी — मकर संक्रांति के अवसर पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के एक दिवसीय दौरे से क्षेत्र के भाजपाईयों में उत्साह है। शिमला ग्रामीण के तहसील सुन्नी क्षेत्र में मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया जाएगा। मुख्यमंत्री 14 जनवरी को मकर संक्रांति पर ऐतिहासिक स्थल तत्तापानी में डा. हेडगवार समिति की ओर से आयोजित शिविर में बतौर मुख्यातिथि उपस्थित रहेंगे। इसके लिए मुख्यमंत्री सड़क मार्ग से आयोजन स्थल पर पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री का काफिला शिमला ग्रामीण के तहसील सुन्नी की विभिन्न पंचायतों से होकर गुजरेगा। इस दौरान मुख्यमंत्री का जगह-जगह स्वागत किया जाएगा, जिसके लिए सुन्नी में शुक्रवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने बैठक करके रणनीति तैयार की। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र में व्याप्त समस्याओं को मुख्यमंत्री के ध्यान में लाने का निर्णय लिया। बैठक में चर्चा की गई कि पिछले पांच वर्षों तक क्षेत्र में पूर्व मुख्यमंत्री का प्रतिनिधित्व करने के बावजूद विभिन्न विभागों में अनेक पद रिक्त रहे। दो जिला के बाशिंदों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने वाले क्षेत्र के नागरिक अस्पताल सुन्नी में पिछले छह महीने से चिकित्सकों के अलावा लिपिकों तथा अन्य कर्मचारियों के पद रिक्त चल रहे हैं। अस्पताल में चिकित्सकों के छह पद स्वीकृत होने के बावजूद केवल दो ही चिकित्सक तैनात हैं। इन पर करीब 200 रोगियों के अलावा प्रशासनिक कार्यों का भी जिम्मा है। लंबे अरसे से चल रही अल्ट्रासाउंड सुविधा प्रदान करने की मांग भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखी जाएगी। वहीं, काफी सालों तक संचालित खंड चिकित्सा अधिकारी कार्यालय को पुनः वापस लाने के लिए भी गुहार लगाई जाएगी। बताया गया कि राजनीतिक कारणों से सुन्नी में संचालित खंड चिकित्सा कार्यालय को मशोबरा स्थानांतरित किया गया है। शिमला करसोग मार्ग जो कि तत्तापानी से कुछ पहले कोल डैम से बनी झील के कारण टूट चुका है, उसे शीघ्र दुरुस्त करने के लिए भी युद्धस्तर पर कार्य के लिए गुहार लगाई जाएगी। साथ ही सुन्नी क्षेत्र में कोल डैम प्रभावित एरिया में बाड़बंदी लगाने के लिए भी आग्रह किया जाएगा, ताकि लगातार होने वाली दुर्घटनाओं पर अंकुश लग सके। क्षेत्र से भाजपा का विधायक न होने के कारण कार्यकर्ताओं को आस है कि मुख्यमंत्री क्षेत्रवासियों की मांगों पर अवश्य गौर करेंगे, जिन्हें पूर्व कांग्रेस कार्यकाल में हाशिए पर रखा गया था। इस अवसर पर भाजपा मंडलाध्यक्ष रणदीप कंवर, सचिव छविंद्र पाल, गिरीश शर्मा, नारायण सिंह तथा अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
^पूरी खबर पढ़े: source - DivyaHimachal
No comments:
Post a Comment