Thursday, January 5, 2017

चिड़गांव बाजार में भाजयुमो का प्रदर्शन

रोहड़ू— भारतीय जनता युवा मोर्चा मंडल रोहड़ू ने बुधवार को चिड़गांव बाजार में देश-विरोधी नारों के खिलाफ धरना-प्रदर्शन किया, जिसमें भाजयुमो के 150 के करीब कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। भाजयुमो मंडल रोहडू अध्यक्ष रवि किमलाटा ने बताया कि चिड़गांव में खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के गोदाम में कुछ दिन पहले उर्दू भाषा में भारत के खिलाफ नारे लिखे गए थे, जिसके विरोध में यह प्रदर्शन किया गया है। भाजयुमो का कहना है कि इतना बड़ा साहस देश विरोधी लोगों ने किया, लेकिन प्रदेश सरकार व स्थानीय प्रशासन की ओर से इस बारे में कोई भी कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई है। धरने-प्रदर्शन में मुख्य रूप से भारतीय जनता युवा मोर्चा प्रदेश महामंत्री अरुण फाल्टा ने विशेष रूप से भाग लिया। अरुण फाल्टा ने अपने संबोधन में प्रदेश सरकार को आडे़ हाथ लेते हुए बताया कि चिड़गांव के सिविल सप्लाई गोदाम में देश विरोधी नारे लिखने का दुस्साहस, जिन शरारती तत्त्वों ने किया है, उन्हें प्रदेश सरकार अभी तक नहीं पकड़ पाई है, जबकि यह मामला पिछले एक सप्ताह से अखबारों की सुर्खियों में छाया हुआ है। श्री फाल्टा ने बताया कि यदि पुलिस विभाग व प्रदेश सरकार इसमें संलिप्त व्यक्तियों को जल्द से जल्द सजा नहीं दिला पाई तो युवा मोर्चा सड़कों पर उतर कर पुलिस व सरकार का विरोध करेगी। उन्होंने बताया कि इस तरह की गतिविधियां स्थानीय क्षेत्रों के लिए बहुत घातक होंगी और, जिसके लिए सरकार व पुलिस विभाग को कड़े कदम उठाने की आवश्यक्ता है। वहीं धरना- प्रदर्शन के अवसर पर भाजपा मंडल रोहड़ू के अध्यक्ष राजेश भ्रांटा, खशाधार वार्ड जिला परिषद सदस्य अरविंद धीमान, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रोशन लाल बांश्टू, वरिष्ठ उपाध्यक्ष दलीप नेगी, मंडल महामंत्री विजय मेहता, रमेश नेगी, जिला महासू महामंत्री बलदेव रांटा, जिला महासू महामंत्री भाजयुमो राजकुमार शरवाण, भाजयुमो जिला सचिव अजय खुराना, सितेंद्र कुल्ला, लक्की ठाकुर सहित सैकड़ों भाजयुमो कार्यकर्ता मौजूद रहे।


पूरी खबर पढ़े >>
source: DivyaHimachal

No comments:

Post a Comment