शिमला — राजधानी शिमला सहित प्रदेश की ऊंची चोटियों पर गुरुवार को ताजा बर्फबारी हुई। राजधानी शिमला सहित प्रदेश के प्रमुख पर्यटक स्थलों डलहौजी, मनाली ने बर्फ की सफेद चादर ओढ़ ली है। फरवरी महीने में हुई यह बर्फबारी पर्यटन सीजन के लिए काफी लाभदायक बताई जा रही है। कृषि व बागबानी के लिए बारिश व बर्फबारी संजीवनी साबित होगी। गुरुवार सुबह से ही आसमान में काले बादल छाए हुए थे। राजधानी शिमला में दोपहर डेढ़ बजे बर्फबारी का सिलसिला शुरू हुआ। करीब करीब डेढ़ घंटे तक बर्फबारी का सिलसिला जारी रहा। यहां पर बर्फ ज्यादा देर तक नहीं टिक पाई। जनजातीय क्षेत्रों व जिला के ऊपरी क्षेत्रों चूड़धार में अच्छी बर्फबारी हुई है। शिमला जिला के नारकंडा, कुफरी, चौपाल, रोहड़ू, खड़ापत्थर में सुबह 11 बजे से ही रुक-रुककर बर्फबारी का सिलसिला जारी था। केलांग, कल्पा, किन्नौर, लाहुल-स्पीति, डलहौजी, मनाली में दिनभर बर्फबारी का सिलसिला जारी रहा। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों में भारी बर्फबारी व बारिश की चेतावनी जारी की है। सरकार ने पहले ही अलर्ट जारी किया हुआ है। गुरुवार को दिनभर मौसम का मिजाज अलग अलग देखने को मिला। बारिश, बर्फबारी व ठंडी हवाओं के चलने से लोगों को कड़ाके की सर्दी का सामना करना पड़ रहा है। बीते 24 घंटों में तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ नौ फरवरी तक सक्रिय रहेगा। गुरुवार को केलांग का तापमान -8.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। ऊना का सबसे अधिक 28.8 डिग्री तापमान रिकार्ड किया गया। शिमला में न्यूनतम तापमान 2.3 व अधिकतम 8.9, सुंदरनगर का 3.9 व 11.2, भुंतर का 3.2 व 8.8, कल्पा का -3.4 व 2.6, धर्मशाला का 6.8 व 14.8, ऊना का 5.4 व 18.4, केलांग का -8.7 व 9.1, सोलन का 2.4 व 11.0, मनाली का -2.0 व 7.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि प्रदेश में नौ फरवरी को बारिश व बर्फबारी होने की संभावना है।
from Divya Himachal
Post a Comment