हिमाचल प्रदेश में इस साल छह से सात हजार अध्यापक भर्ती किए जाएंगे। इसके अलावा 6300 से अधिक पीटीए को आठ वर्ष का नियमित कार्यकाल पूरा करने के उपरांत अनुबंध में लिया जाएगा। साथ ही 2100 पैरा टीचर्ज को 10 वर्ष की नियमित सेवा के बाद रेगुलर किया जा रहा है।
यह घोषणा पूर्ण राज्यत्व दिवस पर देहरा में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह के दौरान मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने की। मुख्यमंत्री ने शहीद भुवनेश डोगरा स्टेडियम में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और मार्चपास्ट की सलामी ली। पुलिस उपाधीक्षक पुनीत रघु ने परेड का नेतृत्व किया।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रदेशवासियों को पूर्ण राज्यत्व दिवस की बधाई दी और कहा कि आज प्रदेश न केवल देश के पहाड़ी क्षेत्रों के लिए आदर्श बन कर उभरा है, बल्कि विभिन्न क्षेत्रों में अग्रणी रहकर देश के बड़े राज्यों को भी राह दिखा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में अगले चार वर्षों में 7500 किलोमीटर से अधिक नई सड़कें बनाई जाएंगी। 19 नई सड़कों तथा तीन पुलों के लिए विश्व बैंक ग्रामीण सड़क परियोजना के अंतर्गत 285़ 75 करोड़ मंजूर हैं। छात्रों को बेहतर शिक्षा देने के लिए निजी विश्वविद्यालयों की न्यूनतम प्रतिबद्घता की अवधि को 25 वर्ष से बढ़ाकर 50 वर्ष किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आईजीएमसी का दूसरा परिसर शिमला के घणाहट्टी में निर्मित किया जाएगा, जिस पर 150 करोड़ खर्च होंगे। राजकीय स्वास्थ्य संस्थानों में 424 जेनेरिक दवाइयां निःशुल्क उपलब्ध करवाई जाएंगी।
राजीव गांधी अन्न योजना के तहत 36़82 लाख लोगों को तीन किलोग्राम गेहूं दो रुपए प्रति किलो और दो किलोग्राम चावल तीन रुपए प्रति किलो की दर पर उपलब्ध करवाया जा रहा है। उपभोक्ताओं को उपदान दरों पर राशन प्रदान करने के लिए 62 करोड़ रुपए के अतिरिक्त बजट का प्रावधान किया गया है। इस योजना के लिए पहले ही 175 करोड़ रुपए उपलब्ध करवाए गए हैं। उन्होंने कहा कि बद्दी में 147 करोड़ रुपए से एक तकनीकी पार्क विकसित किया जाएगा। शिमला में लघु तथा मध्यम उद्योगों के अध्ययन के लिए 50 करोड़ से भारतीय विदेश व्यापार संस्थान का क्षेत्रीय केंद्र स्थापित किया जाएगा। सोलन, ऊना तथा कांगड़ा में नए औद्योगिक केंद्र विकसित किए जाएंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने राजीव गांधी डिजिटल छात्र योजना के अंतर्गत 10वीं तथा 12वीं कक्षा के छात्रों को 25 डिजिटल नोटबुक वितरित किए। उन्होंने कहा कि योजना के तहत मेधावी छात्रों को कुल 5000 नोटबुक वितरित किए जाएंगे।
Post a Comment