शिमला — मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह शुक्रवार सुबह दिल्ली रवाना हुए हैं। उनका यह दौरा 12 से 14 जुलाई तक रहेगा। शनिवार को दिल्ली में वीरभद्र सिंह मुख्यमंत्रियों के सम्मेलन में भाग लेने के साथ पार्टी आलाकमान से भी मुलाकात करेंगे। कई कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पहले ही दिल्ली जा चुके हैं। मुख्यमंत्री की दिल्ली रवानगी के साथ ही फिर से जहां बोर्ड-निगमों में ओहदे हासिल करने के तलबगारों की आस बढ़ चुकी है, वहीं खाली मंत्रिपद पर बनने के लिए भी लॉबिंग तेज हो गई है। लिहाजा चर्चा है कि बोर्ड व निगमों के साथ-साथ खाली मंत्रिपद पर भी दिल्ली से वापसी के बाद ऐलान हो सकता है। सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री की पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी से जहां बैठक निर्धारित है, वहीं प्रदेश पार्टी मामलों की प्रभारी अंबिका सोनी से भी संगठन मसलों पर चर्चा किए जाने की सूचना है। भूतल एवं परिवहन के साथ-साथ वन एवं पर्यावरण, खाद्य आपूर्ति मंत्रालयों से भी बैठक निर्धारित बताई जा रही है। इस दौरान राज्य से संबंधित विभिन्न मसलों को उठाया जाएगा। मंडी संसदीय उपचुनाव फतह करने के बाद चूंकि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का यह दूसरा दौरा है, लिहाजा कई महत्त्वपूर्ण लंबित मसलों पर सोनिया गांधी से विचार-विमर्श करने के बाद उनका हल निकाला जा सकता है। इनमें बोर्ड व निगमों की तैनातगियों के साथ-साथ खाली पड़े मंत्रिपद को भरने की कवायद भी हो सकती है। संगठन में विस्तार अभी भी संभावित है। इनमें महासचिवों, उपाध्यक्षों के साथ सचिवों की भी फेहरिस्त जारी की जानी है। यही वजह है कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के साथ-साथ ही कई नेता पहले से ही दिल्ली में डेरा जमाए बैठे हैं।
source: DivyaHimachal
Full Story at: http://www.divyahimachal.com/himachal-latest-news/%e0%a4%ab%e0%a4%bf%e0%a4%b0-%e0%a4%9c%e0%a4%97%e0%a5%80-%e0%a4%ac%e0%a5%8b%e0%a4%b0%e0%a5%8d%e0%a4%a1-%e0%a4%a8%e0%a4%bf%e0%a4%97%e0%a4%ae%e0%a5%8b%e0%a4%82-%e0%a4%95%e0%a5%87-%e0%a4%a4%e0%a4%b2/
No comments:
Post a Comment