तेंदुए के आतंक से सहमा आवलीवाला कोटड़ी


नाहन — जिला मुख्यालय नाहन के आसपास के क्षेत्रों में एक बार फिर तेंदुए के आतंक से लोग सहमे हुए हैं। हालत यह है कि नाहन के आसपास के क्षेत्रों में लोगों की रात की नींद व दिन का चैन उड़ा हुआ है। तेंदुए के आतंक से नाहन विकास खंड की आवलीवाला कोटड़ी, सैन की सैर व नाहन पंचायत के लोग खौफजदा हैं। अभी तक तेंदुआ आसपास के क्षेत्रों में एक दर्जन से अधिक पालतू पशु व भेड़-बकरियों को अपना शिकार बना चुका है। हालत यह है कि अब लोगों को अपने बच्चों व महिलाआें की चिंता सताने लगी है। इन क्षेत्रों के बच्चे सुबह-शाम स्कूल आने जाने से कतराने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि किसी भी समय पालतू पशुओं के अलावा बच्चों पर हमला कर सकता है, जिससे भारी जान माल की क्षति हो सकती है। गौर हो कि बीते सप्ताह नाहन के सैन की सैर पंचायत व नाहन शहर के चिढ़ावाली आदि क्षेत्रों में भी तेंदुए के आतंक से लोग परेशान थे। इस क्षेत्र में भी तेंदुए ने कई पालतु जानवरों को अपना शिकार बनाया था। स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्हें तेंदुए के भय के कारण अपने खेत-खलिहानों में काम करना जहां मुश्किल हो गया है, वहीं बच्चों को स्कूल भेजना भी खतरे से खाली नहीं है। आवलीवाला कोटड़ी निवासी रामनिवास, नासिर, सौरभ, जयश्री ठाकुर, राकेश, सुरजीत, सत्या देवी आदि ने बताया कि तेंदुए ने इस क्षेत्र के लोगों का जीना बेहाल कर दिया है। रामनिवास ने बताया कि तेंदुए ने उसकी एक बछड़ी को अपना शिकार बना लिया है तथा उसे अन्य पशुओं की जान का भी खतरा है। क्षेत्र के लोगों ने वन विभाग से मांग की है कि तुरंत नाहन शहर के आसपास के क्षेत्रों में घूम रहे तेंदुए पर नजर रखते हुए उसे पकड़ा जाए, ताकि किसी जानमाल के बड़े नुकसान को बचाया जा सके। गौर हो कि नाहन शहर के आसपास के ग्रामीण क्षेत्र जंगल से घिरे हुए हैं। इस क्षेत्र के लोग जहां घास-पत्ती के लिए जंगल में जाते हैं, वहीं अपने पशुआें को भी जंगल में ही चराते हैं। बहरहाल जिला मुख्यालय नाहन के आसपास के क्षेत्रों में एक बार फिर तेंदुए के आतंक से लोग सहमे हुए हैं। हालत यह है कि नाहन के आसपास के क्षेत्रों में लोगों की रात की नींद व दिन का चैन उड़ा हुआ है।







source: DivyaHimachal

Full Story at: http://www.divyahimachal.com/himachal/paonta-sahib-sirmaur-news/%e0%a4%a4%e0%a5%87%e0%a4%82%e0%a4%a6%e0%a5%81%e0%a4%8f-%e0%a4%95%e0%a5%87-%e0%a4%86%e0%a4%a4%e0%a4%82%e0%a4%95-%e0%a4%b8%e0%a5%87-%e0%a4%b8%e0%a4%b9%e0%a4%ae%e0%a4%be-%e0%a4%86%e0%a4%b5%e0%a4%b2/

Post a Comment

Latest
Total Pageviews