खीमी-गोबिंद का इम्तिहान लेगी भाजपा की कुर्सी


कुल्लू — विधानसभा चुनाव में कुल्लू की चार में से तीन सीटों पर शिकस्त झेलनी वाली भाजपा के लिए अब जिलाध्यक्ष का चुनाव भी किसी अग्नि परीक्षा से कम नहीं माना जा रहा। अटल के घर कुल्लू में गुरुवार को पार्टी के जिलाध्यक्ष का चुनाव होगा। पार्टी हाइकमान इस प्रयास में है कि सर्वसम्मति से जिला में भाजपा का सरदार चुन लिया जाए। लेकिन स्थानीय नेताओं के अपनी अपनी डफली अपना अपना राग…अलापने से सर्वसम्मति की उम्मीद धुंधली पड़ती नजर आ रही है। वर्चस्व को लेकर पार्टी संगठन में छिड़ी जंग में प्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष पंडित खीमीराम शर्मा की प्रतिष्ठा दांव पर लगी हुई है। विस चुनाव में हार झेलने वाले खीमीराम के लिए यह दूसरा कड़ा इम्तिहान माना जा रहा है। वहीं पार्टी संगठन का यह चुनाव मनाली के विधायक गोबिंद सिंह ठाकुर के दम खम की परीक्षा भी लेगा। खीमीराम शर्मा खुद जिलाध्यक्ष पद की दौड़ में शामिल नहीं हैं। अलबत्ता वह अपने चेले ओम प्रकाश ठाकुर पर दांव खेलने का संकेत दे रहे हैं। वहीं मनाली के विधायक गोबिंद सिंह ठाकुर स्वयं या फिर अपने किसी समर्थक को जिलाध्यक्ष के चुनाव में प्रोजेक्ट कर सकते हैं। वहीं मौजूदा जिलाध्यक्ष राम सिंह पर भी सबकी नजरें टिकी हुई हैं। जबकि साइलेंट मोड पर चल रहे आनी के पूर्व विधायक किशोरी लाल सागर की भूमिका को भी चुनाव में अहम माना जा रहा है। भाजपा जिलाध्यक्ष के पिछले चुनाव में खीमीराम शर्मा समर्थक प्रताप ठाकुर के पक्ष में संख्या बल रहने के बावजूद बाजी राम सिंह मार ले गए थे। संघ के अड़ जाने से तात्कालीन प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पद खीमीराम शर्मा गृह जिले में ही अपने समर्थक की ताजपोशी नहीं करा पाए। इस बार खीमीराम बंजार मंडल के पूर्व अध्यक्ष ओम प्रकाश ठाकुर पर जिलाध्यक्ष पद के लिए दांव खेलने के स्पष्ट संकेत दे रहे हैं। जबकि जिलाध्यक्ष के पिछले चुनाव में कमाल की जुगलबंदी करने वाले गोबिंद सिंह ठाकुर और राम सिंह के बीच चुनाव से पूर्व परिदृश्य में प्रतिस्पर्धा महसूस की जा रही है। विस चुनाव में कुल्लू सदर हलके से भाजपा प्रत्याशी रहते हुए राम सिंह अपनी ताकत दिखा चुके हैं। वहीं अटकलें जोरों पर हैं कि राम सिंह की खातिर संघ एक बार फिर तंग कर सकता है। इस बीच चुनाव प्रभारी विक्रम ठाकुर ने चुनाव में पूरी पारदर्शिता बरते जाने की बात कही है।







source: DivyaHimachal

Full Story at: http://www.divyahimachal.com/himachal/kullu-manali-news/%e0%a4%96%e0%a5%80%e0%a4%ae%e0%a5%80-%e0%a4%97%e0%a5%8b%e0%a4%ac%e0%a4%bf%e0%a4%82%e0%a4%a6-%e0%a4%95%e0%a4%be-%e0%a4%87%e0%a4%ae%e0%a5%8d%e0%a4%a4%e0%a4%bf%e0%a4%b9%e0%a4%be%e0%a4%a8-%e0%a4%b2/

Post a Comment

Latest
Total Pageviews