Friday, October 26, 2018

राजधानी में कांग्रेस का जिताऊ उम्मीदवारों पर मंथन

पार्टी मुख्यालय में शिमला संसदीय क्षेत्र का अधिवेशन, भाजपा को घेरने की रणनीति भी बनी

शिमला – कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव में भाजपा को चारों खाने चित करने की रणनीति बनानी शुरू कर दी है। गुरुवार को शिमला स्थित पार्टी मुख्यालय राजीव भवन में शिमला संसदीय क्षेत्र का एक दिवसीय अधिवेशन हुआ, जिसमें आठ सूत्री एजेंडा व ज्वलंत मुद्दों पर चर्चा हुई। अधिवेशन की अध्यक्षता प्रदेशाध्यक्ष सुखविंदर सुक्खू ने की, जबकि पार्टी प्रभारी रजनी पाटिल और सहप्रभारी गुरकीरत सिंह कोटली विशेष रूप से उपस्थित रहे। अधिवेशन के दौरान पार्टी पदाधिकारियों और जमीनी स्तर पर जुड़े कार्यकर्ताओं से लोकसभा चुनाव को लेकर फीडबैक लिया गया। संसदीय क्षेत्र के विधायक व वरिष्ठ पार्टी नेता भी अधिवेशन में शामिल रहे। कार्यकर्ताओं से चुनावी मुद्दे भी पूछे गए। शक्ति ऐप पर पंजीकरण का कार्य और तेज करने के निर्देश पाटिल ने दिए। शिमला संसदीय सीट से जिताऊ उम्मीदवारों के नाम पर भी चर्चा हुई। अधिवेशन में नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री, पूर्व मंत्री विद्या स्टोक्स, विधायक रामलाल ठाकुर, कर्नल धनीराम शांडिल, हर्षवर्धन चौहान, विनय कुमार, पूर्व स्पीकर गंगू राम मुसाफिर, हरभजन सिंह भज्जी, जिला अध्यक्ष सिरमौर अजय सोलंकी, जिलाध्यक्ष सोलन राहुल ठाकुर,  एससी विभाग के चेयरमैन सुरेश कुमार, सेवादल के मुख्य संगठन अनुराग शर्मा, इंटक के प्रदेशाध्यक्ष बबलू पंडित सहित अग्रणी संगठनों के प्रमुख व पदाधिकारी  तथा  ब्लॉक, जिला व वरिष्ठ नेताओं ने भी विचार रखे।

सांसद से मांगेंगे हिसाब

पार्टी प्रभारी रजनी पाटिल ने कहा कि कांग्रेस चुनावी वादों के पूरा न होने को लेकर भाजपा पर हमलावर रहेगी। पीएम नरेंद्र मोदी और शिमला संसदीय क्षेत्र के भाजपा सांसद से सवाल पूछे जाएंगे। सांसद से पूछा जाएगा कि वह अपने संसदीय क्षेत्र के विधानसभा क्षेत्रों में कितनी बार गए।

वादाखिलाफी बनेगी मुद्दा

प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि लोकसभा चुनाव में पीएम नरेंद्र मोदी की प्रदेश के साथ की वादाखिलफी को कांग्रेस मुद्दा बनाएगी। कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर केंद्र व प्रदेश सरकार की जनविरोधी नीतियों से लोगों को अवगत कराएंगे।

इन मुद्दों पर चर्चा

* सेब उत्पादकों राहत देने के लिए सेब पर आयात शुल्क क्यों नहीं बढ़ाया

* गिरीपार जनजातीय क्षेत्र क्यों नहीं बना

* सोलन में टमाटर आधारित उद्योग का क्या हुआ

* औद्योगिक क्षेत्र को बढ़ाने के लिए क्या किया

* दलितों पर हुए अत्याचार पर सरकार मूकदर्शक क्यों बनी रही

पार्टी के एजेंडे में ये शामिल

* लोकसभा चुनाव जीतने के लिए कार्यकर्ताओं के सुझाव, प्लानिंग व रणनीति को लागू करना

* शिमला संसदीय क्षेत्र से संभावित उम्मीदवार

* शक्ति प्रोग्राम का फीडबैक

* जनसंपर्क अभियान का फीडबैक, प्रगति रिपोर्ट

* केंद्र व राज्य सरकार की जनविरोधी नीतियां

* पोलिंग बूथ कमेटी गठित करने के लिए फीडबैक व सुझाव

* भाजपा सांसदों का हर मोर्चे पर फेल रहना, संसद में क्षेत्र से जुड़े मुद्दे न उठाना

बागियों की वापसी मैन-टू-मैन

पार्टी प्रभारी रजनी पाटिल ने दिए संकेत, हाइकमान कर रहा आकलन

शिमला – कांगे्रस में बागियों की वापसी मैन-टू-मैन निर्भर करेगी। केंद्रीय हाइकमान बागी नेताओं के बगावत की पृष्ठभूमि और उनके कद-काठी का आकलन कर रही है। इस आधार पर लोकसभा चुनावों से पहले कांग्रेस के कुछ नेताओं की पार्टी में वापसी संभव है। यह संकेत कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल ने शिमला संसदीय क्षेत्र के पदाधिकारियों की बैठक में दिए। नेतृत्व बदलने के विवाद पर रजनी पाटिल ने गेंद केंद्रीय हाइकमान के पाले में डाल दी है। इसके अलावा लोकसभा चुनावों में नया प्रत्याशी उतारने पर भी नेताओं ने सहमति बनाई है। इस आधार पर पूर्व सांसद केडी सुल्तानपुरी के बेटे विनोद सुल्तानपुरी और अमित नंदा के नामों पर चर्चा हुई है। इसके अलावा विधायक धनीराम शांडिल और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गंगूराम मुसाफिर के नामों पर भी मंथन किया गया। पिछले लोकसभा चुनावों में कांगे्रस ने शिमला संसदीय क्षेत्र से विधायक मोहन ब्राक्टा पर दांव खेला था। बताते चलें कि गुरुवार को हिमाचल कांग्रेस मुख्यालय शिमला में पार्टी प्रभारी रजनी पाटिल की अध्यक्षता में चुनावों को लेकर बैठक आयोजित हुई है। बैठक में पार्टी पदाधिकारी और टिकट के संभावित चेहरे शामिल हुए। पुख्ता सूचना के अनुसार संसदीय क्षेत्र के नेताओं ने एक सुर में कहा कि शिमला से इस बार नया प्रत्याशी मैदान में उतारना होगा। भाजपा को एंटी इन्कम्बेंसी फैक्टर के मुद्दे पर घेरा जाएगा। रजनी पाटिल के समक्ष पार्टी पदाधिकारियों ने चार नाम रखे हैं। हालांकि इसे सिर्फ आरंभिक चर्चा माना जा सकता है। बैठक के बाद मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में रजनी पाटिल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी अध्यक्ष अमित शाह का सीबीआई में हस्तक्षेप अनैतिक है। इसके चलते शुक्रवार सुबह 11 बजे शिमला स्थित सीबीआई कार्यालय का घेराव कर कांगे्रस अपना विरोध जताएगी।

सूक्खू पर फैसला आलाकमान का

रजनी पाटिल ने कहा कि सुखविंदर सुक्खू बने रहेंगे या हटाए जाएंगे, इस पर हाइकमान ही विचार करेगी। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनावों से पहले पार्टी में शामिल होने के लिए सभी कार्यकर्ताओं का स्वागत है। विधानसभा चुनावों में बगावत करने वाले नेताओं की वापसी हाइकमान ही तय करेगी।

The post राजधानी में कांग्रेस का जिताऊ उम्मीदवारों पर मंथन appeared first on Divya Himachal: No. 1 in Himachal news - News - Hindi news - Himachal news - latest Himachal news.


Courtsey: Divya Himachal
Read full story: http://www.divyahimachal.com/2018/10/%e0%a4%b0%e0%a4%be%e0%a4%9c%e0%a4%a7%e0%a4%be%e0%a4%a8%e0%a5%80-%e0%a4%ae%e0%a5%87%e0%a4%82-%e0%a4%95%e0%a4%be%e0%a4%82%e0%a4%97%e0%a5%8d%e0%a4%b0%e0%a5%87%e0%a4%b8-%e0%a4%95%e0%a4%be-%e0%a4%9c/

No comments:

Post a Comment