जवाली — वर्ष 2014 में होने वाले लोकसभा चुनावों में कांग्रेस चारों सीटों पर जीत हासिल कर अपना वर्चस्व कायम करेगी तथा केंद्र में एक बार फिर से कांग्रेस की सरकार बनेगी। यह बात पूर्व मंत्री चौधरी चंद्र कुमार ने जवाली में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुए कही। चौधरी चंद्र कुमार ने समस्त कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को लोकसभा चुनावों की तैयारियों में जुट जाने को कहा। उन्होंने कहा कि हर कार्यकर्ता कांग्रेस की जनहितैषी व जनकल्याणकारी नीतियों से जनता को अवगत करवाए। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा देश की जनता हेतु चलाई गई जनकल्याणकारी व जनहितैषी नीतियों का ही प्रतिफल है कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार को सत्तासीन हुए अभी मात्र छह माह का ही समय हुआ है, जिस दौरान जनता के हितार्थ कई निर्णय लिए गए हैं। वीरभद्र सरकार द्वारा लिए गए निर्णयों का हर वर्ग को लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के पांच माह में करवाए गए विकास के बलबूते ही मंडी लोस उपचुनाव में कांग्रेस को जीत मिली है। चौधरी चंद्र कुमार ने पूर्व की भाजपा सरकार को कोसते हुए कहा कि पूर्व की भाजपा सरकार के पांच साल का कार्यकाल जीरो रहा है। विकास के मानचित्र से हिमाचल का नामोनिशान ही मिट कर रह गया है। उन्होंने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार 67 अवार्ड मिलने का राग अलापकर जनता को गुमराह करने की कोशिश करती रही लेकिन प्रदेश की जनता ने इन सब अवार्डों से भी भारी ‘हार’ रूपी अवार्ड भाजपा सरकार को दिया। जनता से मिले हार रूपी अवार्ड का तो भाजपा सरकार जिक्र भी नहीं कर पा रही है। उन्होंने कहा कि मंडी उपचुनाव में मिली करारी शिकस्त से भाजपा को सबक लेना चाहिए।
source: DivyaHimachal
Full Story at: http://www.divyahimachal.com/himachal/dharamsala-kangra-news/%e0%a4%aa%e0%a4%be%e0%a4%82%e0%a4%9a-%e0%a4%b8%e0%a4%be%e0%a4%b2-%e0%a4%ae%e0%a5%87%e0%a4%82-%e0%a4%ad%e0%a4%be%e0%a4%9c%e0%a4%aa%e0%a4%be-%e0%a4%95%e0%a5%80-%e0%a4%aa%e0%a5%8d%e0%a4%b0%e0%a5%8b/
Post a Comment